ऐप पर पढ़ें
IIIT Allahabad: ट्रिपलआईटी के शैक्षिक सत्र 2022-23 में शुरू होने वाला लचीला शैक्षणिक (फ्लेक्सिबल एकेडमिक) बीटेक कोर्स में अब प्रवेश नहीं होगा। इसी के साथ इस प्रोग्राम का संचालन भी इस शैक्षिक सत्र से नहीं होगा। इस पाठ्यक्रम में पिछले वर्ष 50 सीटों के सापेक्ष प्रवेश लिया गया था। इसमें 25 सीट बीटेक आईटी (इंफार्मेशन टेक्नोलॉजी), 25 सीट बीटेक ईसी ब्रांच (इलेक्ट्रानिक्स एंड कम्युनिकेशन) की रही। सूत्रों की माने तो पिछले साल प्रवेश लेने वाले छात्र-छात्राओं को मूल ब्रांच में ट्रांसफर कर दिया गया है। उनकी आगे की पढ़ाई उसी ब्रांच में होगी।
बता दें कि संस्थान में मुख्यत बीटेक की दो ब्रांचों में पढ़ाई होती है। बीटेक आईटी (इंफार्मेशन टेक्नोलॉजी) बीटेक ईसी (इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन)। इसके अलावा बीटेक आईटी में बिजनेस इन इनफार्मेटिक्स में विशेषज्ञता है। दोनों पाठ्यक्रमों में 429 सीटें हैं। लचीला शैक्षणिक बीटेक कोर्स नई शिक्षा नीति के तहत डिजाइन किया गया था। इस पाठ्यक्रम में अगर कोई छात्र 120 क्रेडिट पर एग्जिट लेगा तो उसे एडवांस डिप्लोमा दिया जाएगा। 160 क्रेडिट पर बीटेक की डिग्री, 224 क्रेडिट पर एमटेक की डिग्री दिए जाने का प्रावधान था। 260 क्रेडिट प्लस 12 रिसर्च क्रेडिट पर छात्र-छात्राओं को पीएचडी डिग्री भी मिलने का प्रावधान था। संस्थान के डीन एकेडमिक एंड रिसर्च प्रो. मनीष गोस्वामी ने बताया कि फ्लेक्सिबल एकेडमिक बीटेक प्रोग्राम में इस साल प्रवेश नहीं हुए हैं। मौजूदा सत्र के लिए बीटेक प्रोग्राम में प्रवेश प्रक्रिया पूरी हो चुकी है।
डिप्लोमा इंजी. में 865 सीटों पर प्रवेश हुए पूरे
आईईआरटी के शैक्षिक सत्र 2023-24 में डिप्लोमा इंजीनियरिंग में प्रवेश की प्रक्रिया अंतिम दौर में है। अब तक सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस की सभी सीटें फुल हो चुकी हैं। सोमवार को 43 नए प्रवेश हुए हैं। कुल मिलाकर अब तक 865 सीटों पर प्रवेश हो चुके हैं। 13 ब्राचों के 975 सीटों पर प्रवेश होने हैं।
संस्थान में इलेक्ट्रिकल, सिविल, सिविल कंट्रेक्शन टेक्नोलॉजी, सिविल पब्लिक हेल्थ इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रानिक्स, इंस्ट्रूमेंटेशन एंड कंट्रोल इंजीनियरिंग, मैकेनिकल ऑटोमोबाइल, मैकेनिकल पॉवर प्लांट, मैकेनिकल प्रोडक्शन, मैकेनिकल रेफ्रिजरेशन एंड एयर कंडीशन, मैकेनिकल टूल इंजीनियरिंग, मैकेनिकल ट्यूबवेल इंजीनियरिंग, प्लास्टिक इंजीनियरिंग ब्रांचों में 75-75 सीटें हैं।